आशायें रौशनी की उन किरणों के समान होती हैं, जो गहन अंधकार में भी यह विश्वास दिलाती हैं कि कभी न कभी इन अंधेरों का अंत अवश्य होगा .. कि दुखों की इन सुरंगों के कहीं तो सिरे होते होगें जिनके उस पार उजालों का साम्राज्य होता है. कहते हैं आशा पर आकाश टिका है. सच है. जब तक सांसें होती हैं तब तक आशायें होती हैं. यह कहना ज्यादा उचित होगा कि जब तक आशायें हैं तभी तक जीवन है. अगर ये उम्मीदें ही खत्म हो जायेंगी तो जीवन का कोई अर्थ ही नही रह जायेगा. हम सभी को अपने आप से, अपने अपनों से, भविष्य् से और यहां तक कि जीवन से भी बहुत सी आशायें होती हैं . मुझे भी हैं.
जब जब दुखों के बादल छाए, आंखों से आंसुओं की बरसातें हुईं, मन ने उम्मीदों की डोर हाथ से छूटने ना दी, विश्वासों का सूरज चमका और बनते गये.......... आशाओं के इन्द्रधनुष्.

स्वयं के अनुभव से यह जाना है कि हम चाहे कितनी भी भाषाएं क्यों ना जानते हों, जब भी हम सोचेंगे तो सिर्फ़ अपनी मातृभाषा में ही सोचेंगे. सपने हम अपनी मातृभाषा में ही देखेंगे. वस्तुतः हमारे मस्तिष्क में सोचने- समझने की सारी प्रक्रिया सिर्फ़ और सिर्फ़ उसी भाषा में चलती है जिस भाषा को हम अपने बचपन में सर्वप्रथम सीखते हैं. अर्थात सोचने- समझने की सारी प्रक्रियाओं की मूल भाषा सिर्फ़ और सिर्फ़ हमारी मातृभाषा ही होती है. अतः मन में यह विचार आया कि जो हिन्दी मेरे सपनों की, विचारों की और मेरे अपनों की भाषा है, क्यों न उसी में कुछ लिखा जाये. इस तरह शायद मैं अपने विचार अच्छी तरह व्यक्त कर पाऊंगा और मेरे अपने (मेरे मित्र , मेरे देशवासी) जो कि हिंदी अच्छे से समझ पाते हैं, उनसे जुड़ने में भी आसानी होगी. यह ब्लॉग इसी का परिणाम है.

यह ब्लॉग एक दस्तावेज है उन खट्टे-मीठे अनुभवों का जो इस जीवन से अब तक मिलें हैं, साथ ही यह एक इकरारनामा है उन गल्तियों और भूलों का जो मैनें जाने-अनजाने कभी की हैं. शायद किसी के काम आ सके.

Saturday, March 29, 2008

मैं एक खिलौना हूँ......

मैं एक खिलौना हूँ. जब मैं पैदा हुआ तो मम्मी -पापा को जैसे एक खिलौना मिल गया. छोटा सा..प्यारा सा.... एक खिलौना जो कभी हंस कर तो कभी रो कर अपनी भावनाओं का अहसास कराएगा. जब थोडा बड़ा हुआ तो बोलना भी शुरू हुआ. "मा मा "... "बा बा".... अक्षर धीरे-धीरे शब्दों में बदलते गये. अब ये खिलौना उन्हें खुद ही पुकार भी सकता था. जब वे पास नहीं होंगे तो मैं उन्हें आवाज़ लगाऊंगा...."मामामामा" ... "पापापापा".. प्यास लगेगी तो "मम मम".... मोहल्ले-पड़ोस के लोग भी मुझे खिलाने आते. या यूँ कहें कि इस खिलौने से खेलने आते. जैसे आज की बच्चियां अपनी बार्बी को अपनी पसंद के कपडे पहनाती हैं, अपनी तरह से सजाती हैं. उसी तरह वे सभी मुझे अपनी पसंद के कपडों में देखना चाहते. बबली बुआ आती तो कहती "भाभी इसे वो नीला वाला ड्रेस पहना दो. उसमे यह बहुत प्यारा लगता है." ज्योति बुआ को मेरी लाल शर्ट बहुत भाती. रजिया दीदी कहतीं "चाची इसको वह पठानी ड्रेस पहना दो.".... सोही बुआजी ने बचपन से ही एक कड़ा हाथ में पहना दिया. वो कहतीं "मेरा भतीजा मेरा छोटा सा सरदार है." सभी बहुत प्यार करते. आखिर मैं उनका प्यारा सा खिलौना जो था.... शायद बचपन में सभी खिलौने होते हैं. जो बड़े हो जाते हैं वो इंसान बन जाते हैं...... तुम भी तो एक प्यारा सा खिलौना थीँ ना?? फिर तुम शायद बड़ी हो गयीं...!! मैं शायद बड़ा नहीं हो पाया!! तभी तो मैं एक खिलौना ही रह गया!! फिर मैं तुम्हारे लिए भी एक खिलौना हो गया.... मेरा दिल, मेरी भावनाएँ सब तुम्हारे लिए खिलौने हो गये. खेलती रहीं तुम उनसे !!... फिर तुम्हारा मन भर गया शायद!! या तुम्हें शायद कोई और खिलौना पसंद आ गया. अक्सर बच्चे ऐसा ही करते हैं. और बड़े तो शायद कुछ ज्यादा ही...आखिर तुमने मुझे फ़ेंक दिया.......तुम ने सोचा भी नहीं होगा ना?? की खिलौने का भी दिल हो सकता है!! उसकी भी भावनाएं हो सकती हैं!! उसे भी दर्द के अहसास हो सकते हैं!! .......सुना है, गरीबों के बच्चे घूड़े पर पड़े हुए खिलौने भी उठा लेते हैं. शायद टूटे खिलौने उन्हें अपने से लगते हैं.कोई गरीब लड़की मुझे भी उठा ले जायेगी कभी. शायद फिर वो मुझे कभी फेंकेगी भी नहीं.....भगवान करे तुम कभी किसी के हाथ का खिलौना ना बनो.... पर वक़्त को किसने जाना है... अगर तुम कभी किसी का खिलौना बन भी जाओ तो भी मैं प्रार्थना करूंगा की वो तुम्हे बहुत प्यार करे. कभी फेंके ना............... और अगर कभी फेंके तो तुम्हारी गरदन मरोड़ कर फेंके. ताकि तुम्हे यह तड़प ना सहनी पड़े... ताकि तुम्हे ठुकराए जाने का यह दर्द ना सहना पड़े..... बुरा मत मानना... मैं ऐसा कह रहा हूँ क्योंकि मैंने इस दर्द को सहा है...क्योंकि मैंने जाना है कि शायद मौत इस दर्द से अच्छी ही होती होगी....मैं ऐसा कह रहा हूँ.... क्योंकि मैं आज भी तुमसे प्यार करता हूँ...... काश तुमने भी मुझे गरदन मरोड़ कर फेंका होता.....मैं सारे बच्चों से कहूँगा कि अगर वो अपने पुराने खिलौने को फेंकें तो थोड़े से और कठोर हो जाएं.... वो उनकी गरदन मरोड़ कर फेंकें.......पर सुनो....!! भगवान् ना करे... पर कभी कोई तुम्हे बिना गरदन मरोड़े फ़ेंक दे किसी घूड़े पर... तो मुझे आवाज़ देना.... मैं कहीं भी रहूँ... तुम्हारी पुकार मेरे तक पहुँच जायेगी......मैं भगवान् से प्रार्थना करूंगा कि वो मुझे भी उसी घूड़े पर पहुंचा दे..... हम साथ जुड़ ना पाए.... पर हम साथ साथ टूटेंगे.......मैं तुमसे प्यार करता हूँ...

No comments:

कुछ कविताएं...

ये स्वयं की लिखीं कुछ ऐसी कविताएं हैं जो यूँ तो अभिव्यक्ति हैं उस दर्द की जो कभी मिला था.... किसी से. पर जब इन्हें पढ़ता हूँ तो पाता हूँ कि मन ने उम्मीदें तब भी नहीं छोड़ी थीं. आपको भी इनमें दर्द के साथ-साथ एक हौसला भी देखने को मिलेगा. कुछ उम्मीदें, कुछ आशाएं मिलेंगी.


"तुम मेरे हो"

जब साँझ का सूरज दूर क्षितिज पर ढलता है
और रात का आँचल अंबर पर लहराता है
तब ख्वाबों की एक धुंधली सी पगडंडी पर
जो यादों के गहरे जंगल से आती है
तुम बाहों को फ़ैलाये आते दिखते हो.

इक खुशबू सी घुल जाती है पुरवाई में
और बज उठते हैं साज कई तनहाई में
धड़कन के गीतों में,दिल की गहराई में
बनके जीवन संगीत तुम्हीं तो बसते हो.

मौसम में बहारों के बस तुमको याद किया
खिलते फूलों की खुशबू में तुमको पाया
भंवरों की गुन-गुन में आवाज़ तुम्हारी थी
नदियों की कल-कल में तुम ही तो हंसते हो.

साँसों की लय में अब तक राग तुम्हारा है
है छुअन हवा की पर अहसास तुम्हारा है
जब इस जीवन के हर पल में मौजूद हो तुम
फिर पास रहो या दूर रहो तुम मेरे हो.