मैं एक खिलौना हूँ. जब मैं पैदा हुआ तो मम्मी -पापा को जैसे एक खिलौना मिल गया. छोटा सा..प्यारा सा.... एक खिलौना जो कभी हंस कर तो कभी रो कर अपनी भावनाओं का अहसास कराएगा. जब थोडा बड़ा हुआ तो बोलना भी शुरू हुआ. "मा मा "... "बा बा".... अक्षर धीरे-धीरे शब्दों में बदलते गये. अब ये खिलौना उन्हें खुद ही पुकार भी सकता था. जब वे पास नहीं होंगे तो मैं उन्हें आवाज़ लगाऊंगा...."मामामामा" ... "पापापापा".. प्यास लगेगी तो "मम मम".... मोहल्ले-पड़ोस के लोग भी मुझे खिलाने आते. या यूँ कहें कि इस खिलौने से खेलने आते. जैसे आज की बच्चियां अपनी बार्बी को अपनी पसंद के कपडे पहनाती हैं, अपनी तरह से सजाती हैं. उसी तरह वे सभी मुझे अपनी पसंद के कपडों में देखना चाहते. बबली बुआ आती तो कहती "भाभी इसे वो नीला वाला ड्रेस पहना दो. उसमे यह बहुत प्यारा लगता है." ज्योति बुआ को मेरी लाल शर्ट बहुत भाती. रजिया दीदी कहतीं "चाची इसको वह पठानी ड्रेस पहना दो.".... सोही बुआजी ने बचपन से ही एक कड़ा हाथ में पहना दिया. वो कहतीं "मेरा भतीजा मेरा छोटा सा सरदार है." सभी बहुत प्यार करते. आखिर मैं उनका प्यारा सा खिलौना जो था.... शायद बचपन में सभी खिलौने होते हैं. जो बड़े हो जाते हैं वो इंसान बन जाते हैं...... तुम भी तो एक प्यारा सा खिलौना थीँ ना?? फिर तुम शायद बड़ी हो गयीं...!! मैं शायद बड़ा नहीं हो पाया!! तभी तो मैं एक खिलौना ही रह गया!! फिर मैं तुम्हारे लिए भी एक खिलौना हो गया.... मेरा दिल, मेरी भावनाएँ सब तुम्हारे लिए खिलौने हो गये. खेलती रहीं तुम उनसे !!... फिर तुम्हारा मन भर गया शायद!! या तुम्हें शायद कोई और खिलौना पसंद आ गया. अक्सर बच्चे ऐसा ही करते हैं. और बड़े तो शायद कुछ ज्यादा ही...आखिर तुमने मुझे फ़ेंक दिया.......तुम ने सोचा भी नहीं होगा ना?? की खिलौने का भी दिल हो सकता है!! उसकी भी भावनाएं हो सकती हैं!! उसे भी दर्द के अहसास हो सकते हैं!! .......सुना है, गरीबों के बच्चे घूड़े पर पड़े हुए खिलौने भी उठा लेते हैं. शायद टूटे खिलौने उन्हें अपने से लगते हैं.कोई गरीब लड़की मुझे भी उठा ले जायेगी कभी. शायद फिर वो मुझे कभी फेंकेगी भी नहीं.....भगवान करे तुम कभी किसी के हाथ का खिलौना ना बनो.... पर वक़्त को किसने जाना है... अगर तुम कभी किसी का खिलौना बन भी जाओ तो भी मैं प्रार्थना करूंगा की वो तुम्हे बहुत प्यार करे. कभी फेंके ना............... और अगर कभी फेंके तो तुम्हारी गरदन मरोड़ कर फेंके. ताकि तुम्हे यह तड़प ना सहनी पड़े... ताकि तुम्हे ठुकराए जाने का यह दर्द ना सहना पड़े..... बुरा मत मानना... मैं ऐसा कह रहा हूँ क्योंकि मैंने इस दर्द को सहा है...क्योंकि मैंने जाना है कि शायद मौत इस दर्द से अच्छी ही होती होगी....मैं ऐसा कह रहा हूँ.... क्योंकि मैं आज भी तुमसे प्यार करता हूँ...... काश तुमने भी मुझे गरदन मरोड़ कर फेंका होता.....मैं सारे बच्चों से कहूँगा कि अगर वो अपने पुराने खिलौने को फेंकें तो थोड़े से और कठोर हो जाएं.... वो उनकी गरदन मरोड़ कर फेंकें.......पर सुनो....!! भगवान् ना करे... पर कभी कोई तुम्हे बिना गरदन मरोड़े फ़ेंक दे किसी घूड़े पर... तो मुझे आवाज़ देना.... मैं कहीं भी रहूँ... तुम्हारी पुकार मेरे तक पहुँच जायेगी......मैं भगवान् से प्रार्थना करूंगा कि वो मुझे भी उसी घूड़े पर पहुंचा दे..... हम साथ जुड़ ना पाए.... पर हम साथ साथ टूटेंगे.......मैं तुमसे प्यार करता हूँ...